राहुल नारंग ने वर्ष 2016 में दिल्ली का पहला ऐसा जिम खोला था, जिसमें रोल्स रॉयस और बेंटले जैसी बेहद महंगी कारों से पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दी जाती थी। तीन वर्ष तक उसने अपना जिम चलाया। उसके जिम में रजिस्ट्रेशन करने के लिए वेटिंग लिस्ट थी।
लेकिन उसकी अय्याशी ने सब कुछ खत्म कर दिया। बैंक ने ग्रेटर कैलाश-2 में बनी 500 गज की उसकी कोठी जब्त कर ली। पिता राहुल को छोड़कर मॉडल टाउन स्थित बेटी के घर चले गए। जबकि पत्नी तलाक देने के बाद दो बच्चों को लेकर अपने घर चली गई।
आर्थिक अपराध शाखा ने वर्ष 2019 में उसके खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए थे। तभी से पुलिस को उसकी तलाश थी। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राहुल नारंग अपने परिवार के साथ ग्रेटर कैलाश पार्ट-2 में 500 गज की कोठी में रहता था।
उसकी कोठी की कीमत 60 करोड़ से ज्यादा बताई जाती है। शुरुआत में उसने एक्सपोर्ट का काम किया, लेकिन उसे काम पसंद नहीं आया। उसने बेहद महंगी सेकेंड हैंड गाड़ियों का काम शुरू कर दिया। यहीं से उसने ठगी की शुरुआत कर दी।
इसके बाद उसने अपनी कोठी की दो फ्लोर पर ओलंपिया नाम से जिम खोला। पुलिस के मुताबिक इसके जिम में इतनी लंबी कतार रहती थी कि लोग कसरत के लिए आसानी से अपना रजिस्ट्रेशन भी नहीं करा पाते थे। कई बड़ेलोग भी इसके जिम में आते थे।
जिम चलाने के साथ इसने ठगी का धंधा तेज कर दिया। यह लोगों को बेवकूफ बनाकर उनसे रकम ऐंठने लगा। यहां घर के कई कागजात बनवाकर कई बैंकों से मोटी रकम लोन ले लिया। जिन लोगों से इसने रुपये लिये थे, उन लोगों ने दबाव बनाए तो यह एक-एक कर अपनी गाड़ियां उनको देता गया। जेल जाने के बाद फरार हो गया। बैंक ने इसकी कोठी भी कुर्क कर ली। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर इसने अब तक कितने लोगों से ठगी की है।