अमन विहार इलाके में बृहस्पतिवार रात नकाबपोश बदमाशों ने एक फोटोग्राफर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी। युवक को पांच गोलियां मारी गईं। वारदात के समय युवक अपने घर के पास ही कुत्ते को घुमा रहा था।
पुलिस ने हत्या के पीछे रंजिश की आशंका जताई है। हालांकि परिवार किसी से दुश्मनी की बात से इंकार कर रहा है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पुष्कर (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पुष्कर अपने माता-पिता और छोटे भाई बहन के साथ प्रताप विहार में रहता था। वह इलाके में स्थित एक फोटोग्राफी की दुकान में काम करता था। बृहस्पतिवार देर रात वह खाना खाने के बाद अपने कुत्ते को टहला रहा था। घर से कुछ ही दूरी पर उसके पास काले रंग की स्कूटी पहुंची। एक नकाबपोश स्कूटी चला रहा था, जबकि उसका साथी स्कूटी के साथ पैदल चल रहा था।
पैदल चल रहे युवक ने पुष्कर को देखकर उसे ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं और दोनों वहां से बड़े आराम से निकल गए। वारदात की जानकारी मिलते ही परिवार वालों ने घायल पुष्कर को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुष्कर के हाथ, पेट, पीठ और गले पर पांच गोलियां मारी गईं।
पुष्कर के चाचा अनिल ने बताया कि पुष्कर की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिस तरह से हमलावरों ने उसे गोली मारी है, इससे रंजिश का शक है।
आरोपी पुष्कर को पहचानता था और उसे देखते ही बिना बातचीत किए उसे गोली मार दी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।