पहासू में सांप्रदायिक बवाल मचाने वाले भड़काऊ वीडियो को वायरल करने वाले मुख्य आरोपी रिहान को जेल भेजने के बाद पुलिस ने वीडियो शूट करने वाले सद्दाम को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, एक वीडियो रिहान ने अपने मोबाइल से बनाई थी जबकि दूसरी वीडियो सद्दाम ने अपने मोबाइल से बनाई थी। पुलिस ने सद्दाम के पास से उसका मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
सद्दाम के मोबाइल से कई भड़काऊ वीडियो मिले हैं। वहीं रिहान का मोबाइल अभी तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता करते हुए एसपी देहात जगदीश शर्मा ने बताया कि 25 फरवरी 2017 की दोपहर पहासू के कस्बा में पठानटोला निवासी रिहान पुत्र इब्बन ने विशेष धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी करते हुए वीडियो वायरल किया था।
सद्दाम न्यायालय में सरेंडर करने की फिराक में था
file photo
- फोटो : अमर उजाला
रिहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर 28 फरवरी की दोपहर बुलंदशहर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस रिहान का वीडियो बनाने वाले पहासू निवासी सद्दाम पुत्र शाहिद को तलाश कर रही थी।
एसपी देहात ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सद्दाम के बुलंदशहर आने की सूचना मिली। सूचना को पुख्ता कर सुबह करीब 11 बजे टीम ने भूड़ चौराहे से सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया। सद्दाम न्यायालय में सरेंडर करने की फिराक में था।
वह आंध्र प्रदेश के नदियाल से बुलंदशहर आया था। पुलिस ने सद्दाम के पास से मोबाइल भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में सद्दाम ने पुलिस को बताया कि 14 से 15 फरवरी के बीच दोनों वीडियो शूट किए थे।
पांच नहीं छह लोगों का है ग्रुप, सद्दाम के मोबाइल में मिले कई भड़काऊ वीडियो
rihan
- फोटो : अमर उजाला
पहला वीडियो रिहान ने अपने मोबाइल से शूट कराया था, जबकि दूसरा वीडियो सद्दाम ने अपने मोबाइल से शूट किया था। पुलिस ने सद्दाम को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने सद्दाम को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
एसपी देहात जगदीश शर्मा ने बताया कि सद्दाम और उसका भाई नावेद पानीपत से कंबल, दरी, बैडशीट लाकर आंध्र प्रदेश के गांवों में बिकवाते थे। इसके लिए दोनों ने रिहान, शकील, रिजवान और फिरोज को अपने साथ रख रखा था। एसपी देहात ने बताया कि पहले पांच आरोपी थे, अब सद्दाम से पूछताछ के बाद छठवें आरोपी शकील का नाम भी सामने आ गया है। टीम भागे हुए सभी आरोपियों को पकड़ने में जुटी है।
पुलिस ने जब सद्दाम का मोबाइल जब्त किया तो उसके पास से कई भड़काऊ वीडियो मिले हैं। पूछताछ में सद्दाम ने बताया कि उसके पास पिछले काफी समय से यह वीडियो व्हाट्सएप के जरिए आ रहे हैं। इन्हीं वीडियो के चलते रिहान ने भी नशे में आकर वीडियो बनाने की ठानी थी।