संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दिल्ली विश्वविद्यालय के पोलो ग्राउंड में 16 से 19 फरवरी तक आयोजित खेलमंच एपीटीआई कप का समापन हो गया। यह टूर्नामेंट आसद खान, जीशान अजहर और योगेश कुमार द्वारा स्थापित किया गया था और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के उपाध्यक्ष राहुल झांसला के समर्थन से आयोजित किया। इसे भारत के पहले विश्वविद्यालय स्तरीय क्रिकेट महोत्सव के रूप में प्रस्तुत किया गया। फाइनल मुकाबले में पीजीडीएवी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता की उपाधि अपने नाम की और 25 हजार की पुरस्कार राशि प्राप्त की। शहीद भगत सिंह कॉलेज उपविजेता रहा और 10 हजार की राशि जीतने में सफल रहा। टूर्नामेंट में सार्थक पाल को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, शाश्वत सिंह को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज (11 विकेट) और वरदान सूरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज (141 रन) का सम्मान दिया गया।