कार्यक्रम समन्वयक देंगे कोर्स, रिसर्च और संस्थान के नियमों की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईआईटी दिल्ली ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी छात्रों के लिए भी ओरिएंटेशन एवं रजिस्ट्रेशन कार्यक्रम जारी कर दिया है। संस्थान के डीन (एकेडमिक्स) कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 18 जुलाई को डोगरा हॉल में नए छात्रों का स्वागत समारोह आयोजित होगा।
सुबह नौ बजे से पीएचडी और एमएस (रिसर्च) कार्यक्रमों के छात्रों का ओरिएंटेशन होगा। जबकि सुबह 10:30 बजे से एमटेक, एमएससी, एमडिजाइन, एमबीए (एग्जीक्यूटिव), एमए, एमपीपी और पीजीडीआईआईटी के विद्यार्थियों के लिए सत्र आयोजित किया जाएगा। ओरिएंटेशन के बाद दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक सभी विभागों, केंद्रों और स्कूलों में छात्रों का स्वागत और कार्यक्रम समन्वयक के साथ बैठक होगी।
संस्थान ने 18 और 19 जुलाई को विभिन्न कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग समय स्लॉट में रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की है। वहीं 20 जुलाई को सभी नए छात्रों के लिए लाइब्रेरी, सुरक्षा व्यवस्था, छात्र परामर्श सेवाओं, स्टूडेंट क्लब और अन्य संस्थागत सुविधाओं से परिचित कराने के लिए विशेष ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे।