अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं, कॉमन एंट्रेस टेस्ट के अलावा 22 प्रोग्राम के लिए सीयूईटी स्कोर के आधार पर शुक्रवार से दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन प्रोग्राम के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 जुलाई रात 11:59 मिनट तक किया जा सकता है।
आईपीयू ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को पंजीकरण फॉर्म भरने से पहले सीयूईटी की मेरिट के आधार पर संबंधित प्रोग्राम में दाखिले के लिए आवश्यक डोमेन विशिष्ट विषयों का विवरण देख लेना चाहिए। एक उम्मीदवार अलग-अलग प्रोग्राम के लिए अलग-अलग पंजीकरण शुल्क देकर कई कोर्सेज के लिए आवेदन कर सकता है।
उम्मीदवारों को प्रत्येक कोर्स के लिए 2500 रुपये का शुल्क जमा कर पंजीकरण करना होगा। यह शुल्क वापस नहीं होगा। विश्वविद्यालय ने कहा है कि डोमेन विशिष्ट विषयों-वैकल्पिक भाषाओं, जनरल टेस्ट की पात्रता ऑनलाइन पंजीकरण का विवरण विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध पीजी प्रोग्राम के दाखिला ब्रोशर में दिया गया है। किसी भी ऐसे उम्मीदवार को, जिसने आईपीयू के राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा, कॉमन एंट्रेस टेस्ट के माध्यम से किसी प्रोग्राम में सीट प्राप्त की है और जिसकी स्थिति एडमिटेड है, ऐसे छात्रों को सीयूईटी की मेरिट के आधार पर किसी भी प्रोग्राम में सीट नहीं दी जाएगी। सीयूईटी की मेरिट के आधार पर दाखिले संबंधित राष्ट्रीय स्तरीय परीक्षाओं-कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) की मेरिट पूरी होने के बाद किए जाएंगे।
इन 22 पाठ्यक्रमों में सीयूईटी पीजी स्कोर से दाखिले
एमबीए, मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग), मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन, एमए(एमसी), एमपीटी(एम), एमपीटी (एन) एमपीटी (एस) एमपीटी(सी), मास्टर ऑफ साइंस (एनवायरनमेंट मैनेजमेंट), एलएलएम, एमए(इंग्लिश), एमएड प्रोग्राम, एमटेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) रेगुलर एवं इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी(रेगुलर), एमटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग रेगुलर, एवं (वीएलएसआई डिजाइन) रेगुलर, एमटेक (रोबोटिक्स एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) रेगुलर, एमए इकोनॉमिक्स, एमएससी इन एप्लाइड जियोइनफॉर्मेटिक्स, एमएससी(योगा), एमएससी (मेडिसिनल केमिस्ट्री एंड ड्रग डिज़ाइन),एमएससी बायोइनफॉर्मेटिक्स, एमएससी(मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स), एमएससी(माइक्रोबायोलॉजी), पीजी डिप्लोमा इन बायोइनफॉर्मेटिक्स, एमएस (पैकेजिंग टेक्नोलॉजी), बीएड, बीएड (स्पेशल एजुकेशन)।