दाल-चावल, खाना बनाने का तेल और फल-सब्जी में महंगाई झेल रहे लोगों को अब महंगाई का एक और झटका खाने के लिए तैयार रहना होगा।
तेल विपणन करने वाली सरकारी कंपनियों ने पिछले 16 दिन में डीजल की कीमतों में पांच रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी कर दी है। इस वजह से ट्रकों का किराया 7-8 फीसदी बढ़ने का अनुमान किया जा रहा है।
जब ट्रक भाड़ा ही बढ़ जाएगा तो फिर उससे ढुलाई होने वाला सब सामान महंगा हो जाएगा। सरकारी तेल कंपनियों ने बीते 30 अप्रैल को पेट्रोल में प्रति लीटर 3.96 रुपये जबकि डीजल में प्रति लीटर 2.37 रुपये की बढ़ोतरी की थी।
शुक्रवार को पेट्रोल की कीमत में 3.13 रुपये जबकि डीजल में प्रति लीटर 2.71 रुपये की बढ़ोतरी हुई। दोनों को मिला दें तो महज 16 दिन में पेट्रोल 7.09 रुपये जबकि डीजल 5.08 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है।