दिल्ली में बढ़ते कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर करके दिल्ली में लॉकडाउन को 30 जून तक बढ़ाने की मांग की गई है। इस याचिका में कहा गया है कि अनलॉक-1 के लागू होने के बाद से दिल्ली वासियों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, कोविड19 के मामलों में तेजी से बढोतरी हो रही है। हाईकोर्ट इस याचिका पर शुक्रवार को संज्ञान लेगी।
यह जनहित याचिका वकील अंकित वर्मा की ओर से दायर की गई है। उन्होंने याचिका में कहा कि लॉकडाउन-5 के दौरान अनलॉक-1 लागू होने के बाद दिल्ली में कोरोना के मामलों में तेजी से होती बढ़ोतरी दिल्ली वासियों के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। अनलॉक-1 के बाद से दिल्ली की जनसंख्या दर के हिसाब से दिल्ली, भारत का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित क्षेत्र बन गया है। लिहाजा कोरोना संक्रमण को रोकने के लॉकडाउन को दिल्ली में 30 जून तक के लिए बढ़ाया जाए।
जनहित याचिका में आरोप लगाया गया है कि अनलॉक-1 लागू करने से पहले कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई, जिसकी वजह से लोग सोशल डिस्टेंसिंग के नियम की धज्जियां उड़ा रहे हैं और पुलिस प्रोटोकोल के हिसाब से स्थिति को नियंत्रण नहीं कर रही है।
याचिका में दिल्ली में लॉकडाउन का बढ़ाने के साथ ही दिल्ली के सभी बार्डरों को सील करने और दिल्ली से सभी हवाई यात्राओं पर रोक लगाने की भी मांग की गई है। इसके अलावा याचिका में कोविड19 के मरीजों को लेकर हाईकोर्ट द्वारा स्वत: संज्ञान लिए जाने का भी हवाला दिया है। याचिका में का गया है कि दिल्ली मेडिकल व्यवस्था भी ठीक से काम नहीं कर रही है और ऐसे समय में लॉकडाउन में ढील देना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है।