प्रधानमंत्री ग्रामीण डिजिटल साक्षरता अभियान की फर्जी वेबसाइट बनाने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने नौकरी का झांसा देकर 100 से अधिक लोगों के साथ ठगी की है। आरोपी को पश्चिम बंगाल में उत्तरी 24 परगना जिले से मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में आरोपी प्रसेनजीत को गिरफ्तार किया गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सतर्कता अधिकारी की शिकायत पर साइबर अपराध शाखा ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। जांच के दौरान हैरान कर देने वाले खुलासे हुए। आरोपी ने सरकारी वेबसाइट जैसी ही एक वेबसाइट बनाई थी। जिसमें पश्चिम बंगाल के ग्रामीण डिजिटल साक्षरता अभियान की अधिकारिक वेबसाइट होने का दावा भी किया गया है।
आरोपी ने शिक्षक भर्ती के तहत पंजीकरण के नाम पर 100 से अधिक लोगों को शिकार बनाया। जब लोगों को ठगी का अहसास हुआ तो उन्हें मामले की शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वेबसाइट को बंद कर दिया। पुलिस को आरोपी के पास से लैपटॉप, कंप्यूटर और हार्ड डिस्क मिली है।