संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन । जिले के सरकारी स्कूलों में बालवाटिका-3 से कक्षा चौथी तक पढ़ने वाले छात्रों की सीखने की क्षमता का आकलन करने के लिए आवधिक आकलन-1 का आयोजन 18 से 21 अगस्त तक किया जाएगा। आकलन निपुण हरियाणा मिशन और कक्षा तत्परता कार्यक्रम (सीआरपी) की दक्षताओं को ध्यान में रखकर कराया जाएगा।
बालवाटिका-3 से कक्षा चौथी तक अंग्रेजी, हिंदी और गणित विषयों में मौखिक परीक्षा सीआरपी की दक्षताओं के आधार पर होगी। तीसरी की हिंदी का ओआरएफ असेसमेंट निपुण हरियाणा टीचर ऐप के अलग मॉड्यूल के माध्यम से लिया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत ने परीक्षा से पहले निपुण हरियाणा टीचर ऐप के कंटेंट रिपोजिटरी में उपलब्ध शिक्षक मार्गदर्शिका और अभ्यास प्रश्नों से छात्रों को अभ्यास करवाने का निर्देश दिया है।
निर्धारित कार्यक्रम
18 अगस्त : बालवाटिका-3 का आकलन, कक्षा पहली और दूसरी की अंग्रेजी तथा चौथी की हिंदी की लिखित परीक्षा।
19 अगस्त : बालवाटिका-3 का आकलन, कक्षा दूसरी व तीसरी की गणित और चौथी की हिंदी की मौखिक परीक्षा।
20 अगस्त : कक्षा पहली में गणित, दूसरी में हिंदी, तीसरी में अंग्रेजी और चौथी में गणित का आकलन होगा।
21 अगस्त : कक्षा पहली में हिंदी, तीसरी में हिंदी और चौथी में अंग्रेजी की परीक्षा होगी।