नई दिल्ली। रोहिणी और समयपुर बादली विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में नई सीवर पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से नलों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों में स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।
निवासियों का कहना है कि पानी का रंग मटमैला है और उसमें दुर्गंध आने के कारण उसका उपयोग पीने, खाना बनाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए करना मुश्किल हो गया है। कई परिवारों को मजबूरी में पीने के लिए पैकेज्ड पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के लिए यह स्थिति अधिक गंभीर है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवर पाइपलाइन का कार्य शुरू होने के बाद से ही यह समस्या लगातार बनी हुई है।
वर्जन
पिछले कई दिनों से हमारे घरों में नलों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। इस पानी का इस्तेमाल पीने या खाना बनाने के लिए नहीं किया जा सकता। पीने का पानी बाहर से खरीदना पड़ रहा है। -
रेनू देवी, निवासी, समयपुर बादली
नई सीवर पाइपलाइन बिछने के बाद से यह समस्या लगातार बनी हुई है। दूषित पानी से बच्चों और बुजुर्गों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है। संबंधित विभाग को तुरंत पाइपलाइन की जांच कर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए -
नारायण दत्त लखेड़ा, अध्यक्ष, रोहिणी सेक्टर-2 आरडब्ल्यूए