अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई बार बहुत दुख होता है कि आज इतनी कठिन परिस्थिति के बीच भी कुछ लोग ऐसे हैं, जो हिन्दू और मुसलमान भाइयों के बीच नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इतने नाजुक दौर से जब दुनिया गुजर रही है, इतने नाजुक दौर से अपना देश गुजर रहा है, तब भी कुछ लोग सोशल मीडिया पर हिन्दू और मुसलमान भाइयों के बीच नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इस तरह की वीडियो और कुछ चीजें सोशल मीडिया पर डाल कर लोगों में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। यह प्रकृति के खिलाफ है। प्रकृति ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगी।
केजरीवाल के मुताबिक, जो लोग हिन्दू और मुसलमान के बीच में नफरत फैलाने की कोशिश करते हैं, वह सिर्फ प्रकृति के खिलाफ काम नहीं कर रहे हैं, वह भारत के साथ भी गद्दारी कर रहे हैं, वह देश के साथ भी गद्दारी कर रहे हैं। सभी धर्म और जातियों के लोग एक साथ मिल कर एक मुट्ठी की तरह काम करेंगे, तभी देश आगे बढ़ेगा, तभी इंसानियत आगे बढ़ेगी। तभी मुल्क आगे बढ़ेगा और तभी हम कोरोना से लड़ पाएंगे।
पांच नए हॉटस्पॉट की पहचान
दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। बीते 24 घंटे में पांच नए जोन की पहचान की गई है, जहां तीन या इससे ज्यादा कोरोना वायरस से संक्रमित लोग पाए गए हैं। सरकार ने इन इलाकों को सील कर दिया है। नए हॉटस्पॉट केंद्रों में किरारी एक्सटेंशन की शॉप नंबर जे-4/49 से जुड़ी गलियां, चिराग दिल्ली का पंडित मोहल्ला और जैन मोहल्ला, बाड़ा हिंदू राव और जनकपुरी का सी-2 ब्लॉक शामिल है।