सेक्टर-80 से 91 के निवासियों ने खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास बनी सड़क को तोड़ने पर रोष जताने के लिए बुधवार सुबह नेशनल हाईवे-48 को जाम कर दिया। सरकार व टोल प्लाजा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जाम को खुलवाने का प्रयास कर रही पुलिस से भी भिड़ गए।
करीब 2 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिसके कारण करीब 10 किमी जाम दोनों तरफ लग गया। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए रूट डायवर्ट करने के साथ सख्ती अपनाई और लोगों को सड़क से खदेड़ते हुए हिरासत में लिया। इसके बाद जाम को खुलवाया गया।
वहीं, जमीन को लेकर खेड़की दौला गांव व सोसायटी निवासी आमने-सामने आ गए हैं। सोसायटी निवासी जमीन को रेवेन्यू रोड बता रहे हैं, जबकि गांव के निवासी यह जमीन गांव की बता रहे हैं।
बुधवार को स्वच्छ भारत अभियान के लिए एकत्र हुए सोसायटी के 300 से अधिक लोगों ने नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा के निकट जाम लगा दिया। सुबह 10 बजे जाम लगाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाकर सड़क से हटाने का प्रयास किया।
अधिकारियों से भिड़ीं महिलाएं
जाम खुलवाने के लिए मौके पर पहुंचे पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार व तहसीलदार हितेंद्र शर्मा से सोसायटी की कुछ महिलाएं भिड़ गई और उन पर टोल प्रशासन से मिलीभगत का आरोप लगाया। सोसायटी निवासी अपने वाहनों का टोल फ्री करवाने की मांग को लेकर अड़े रहे। इस पर पुलिस उपायुक्त ने सोसायटी के 5 लोगों की कमेटी को जिला उपायुक्त से मिलवाकर समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
यह है मामला
अंतरिक्ष हाइट्स, ट्यूलिप, एमआर सहित कुछ अन्य सोसायटियों के लोगों ने चंदा एकत्र कर टोल से बचने के लिए टोल के साथ-साथ एक अलग रोड बनाई थी। इसका पता जब टोल प्रशासन व ग्रामीणों को पता लगा तो उन्होंने सड़क को रातों-रात तोड़ दिया। इसको लेकर मंगलवार को सोसायटी निवासियों ने विरोध भी किया था, लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हुई।