शताब्दी एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान नगर निगम के कर्मचारी नेता रतनलाल रोहिल्ला को फफूंद लगी ब्रेड परोसे जाने पर उत्तर रेलवे ने कैटरिंग ठेकेदार पर जुर्माना लगाया है और कर्मचारी नेता से लिखित माफी मांगी है।
उत्तर रेलवे के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय बड़ौदा हाउस से भेजा गया पत्र रोहिल्ला को शुक्रवार को मिला है। रोहिल्ला ने बताया कि 19 सितंबर को वह बेटे के साथ स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में नई दिल्ली से व्यास जा रहे थे।
रास्ते में कैटरिंग कर्मचारियों ने उन्हें नाश्ता परोसा। उसकी क्वालिटी घटिया थी और ब्रेड में फफूंद लगा हुआ था। उन्होंने उसकी फोटो खींचकर शिकायत पुस्तिका में शिकायत दर्ज की और लिखित में रेलवे मंत्री को भी भेजी।
उत्तर रेलवे ने ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया और गलती की माफी मांगी। रतनलाल का कहना है कि वह इसे लेकर उपभोक्ता न्यायालय में केस दायर करेंगे।