डीडीए ने केंद्रीय विद्यालय संगठन को जमीन का कब्जा सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। खजूरी खास में केंद्रीय विद्यालय के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। डीडीए ने केंद्रीय विद्यालय संगठन को जमीन सौंप दी है। इस महत्वपूर्ण कदम के साथ खजूरी खास में विद्यालय भवन का निर्माण जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने इस संबंध में केंद्र सरकार से स्वीकृति प्राप्त कर ली है।
डीडीए के सहायक अभियंता कंवरपाल और कनिष्ठ अभियंता वर्धन गोयल ने केंद्रीय विद्यालय संगठन के अधिकृत अधिकारियों को खजूरी खास में दी गई जमीन का कब्जा सौंप दिया है। इस मौके पर केंद्रीय विद्यालय संगठन दिल्ली संभाग के उपायुक्त एसएस चौहान और प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार भी उपस्थित थे। भाजपा नेता और सांसद प्रतिनिधि आनंद त्रिवेदी ने भी इस अवसर पर भाग लिया।सांसद मनोज तिवारी ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी संसदीय क्षेत्र की जनता से तीन केंद्रीय विद्यालय देने का वादा किया था, जिसे पूरा किया जा रहा है। शाहदरा में केंद्रीय विद्यालय के उद्घाटन के बाद अब खजूरी खास में विद्यालय निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो रही है और बुराड़ी में भी एक केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले उनके संसदीय क्षेत्र में एक भी केंद्रीय विद्यालय नहीं था, लेकिन मोदी सरकार के समर्थन से यह संभव हो पाया। अब, अगले एक वर्ष में बुराड़ी में भी केंद्रीय विद्यालय की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।