एक बार फिर पांच महीने बाद दिल्ली मेट्रो यात्रियों को सेवाएं देने के लिए तैयार है। परिचालन शुरू करने से पहले रोजाना रखरखाव के सिलसिले में मेट्रो दौड़ रही है। लॉकडाउन में मेट्रो यात्रियों के लिए कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग मानकों में बदलाव के साथ साथ स्मार्ट कार्ड की भी तैयारी पूरी हो चुकी है। माना जा रहा है कि इस पर केंद्र से निर्देश मिलने के अगले दो-तीन दिनों के अंदर एक बार फिर दिल्लीवासियों को मेट्रो की सेवाएं मिलने लगेंगी।
सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों के पालन के तहत प्रत्येक कोच में करीब 25 यात्री बैठ सकेंगे, जबकि इतने ही यात्रियों को मानकों का पालन करते हुए सफर करने की इजाजत होगी। स्टेशन पर भीड़भाड़ न हो इसलिए सभी एंट्री गेट खोले जाएंगे जबकि सैनिटाइजेशन, आरोग्य सेतु एप, थर्मल स्क्रीनिंग और सुरक्षा जांच के बाद ही यात्रियों को मेट्रो में सफर करने की इजाजत होगी।
बुखार होने पर नहीं कर सकेंगे मेट्रो में सफर
अगर यात्रियों के शरीर का तापमान तय मानक से अधिक है तो उन्हें वापस भेज दिया जाएगा। थर्मल स्क्रीनिंग के लिए भी सभी तैयारियां हो चुकी हैं जबकि सैनिटाजेशन के लिए डिस्पेंसर भी कई स्टेशनों में पहले से ही तैयार हैं।
वित्तीय घाटे से भी मिलेगी राहत
पिछले पांच महीने से लगातार वित्तीय घाटे से गुजर रही दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन(डीएमआरसी)को भी सेवाएं शुरू होने से राहत मिलेगी। हालांकि अभी भी डीएमआरसी के सामने महामारी काल में सोशल डिस्टेंसिंग मानकों का पालन करते हुए मेट्रो के परिचालन से आय एक बड़ी चुनौती होगी।