मौसमी दशाओं का साथ देने की वजह से दिल्ली-एनसीआर की हवा में शनिवार को मामूली रूप से सुधार हुआ है। इस क्रम में दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब से खिसक कर खराब श्रेणी में पहुंच गई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा की हवा 192 एक्यूआई के साथ सबसे साफ दर्ज हुई है। वायु मानक संस्था सफर का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बने रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का एक्यूआई 281 रहा। इससे एक दिन पहले यह 314 दर्ज किया गया था। इसके अलावा फरीदाबाद का एक्यूआई 221, गाजियाबाद का 264, ग्रेटर नोएडा का 192, गुरुग्राम का 268 व नोएडा का एक्यूआई 218 रिकॉर्ड किया गया।
सफर के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक रात में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब व दिन में खराब श्रेणी में बनी रहेगी। इसका प्रमुख कारण रात में पारा लुढ़कने और दिन में धूप खिलने को माना जा रहा है। आगामी 15 दिसंबर के बाद से हल्की राहत मिलने की संभावना बनी हुई है। सफर का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक मिक्सिंग हाइट और वेंटिलेशन इंडेक्स कम होगा। इसका असर वायु गुणवत्ता पर पड़ेगा।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, शनिवार को हवा की रफ्तार पांच से आठ किमी प्रतिघंटा, मिक्सिंग हाइट 1150 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स 3500 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड किया गया है। अगले 24 घंटे में हवा की रफ्तार घटकर चार से छह किमी प्रतिघंटा, मिक्सिंग हाइट एक हजार मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स का स्तर 1350 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड किया जा सकता है। वहीं, सोमवार को हवा की रफ्तार और कम होगी और यह तीन किमी प्रति घंटा तक पहुंचेगी। साथ ही मिक्सिंग हाइट 1050 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स 1500 वर्ग मीटर रिकॉर्ड किया जा सकता है। आईआईटीएम का पूर्वानुमान है कि 15 दिसंबर को हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकती है।
दिल्ली-281
फरीदाबाद-221
गाजियाबाद-264
ग्रेटर नोएडा-192
गुरुग्राम-268
नोएडा- 218