प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली सरकार के निर्देश के तहत उठाया जाएगा कदम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) का दूसरा चरण लागू होने पर नई दिल्ली इलाके में वाहन लेकर आने वाले लोगों को अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। दरअसल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ग्रेप-2 लागू होते ही पार्किंग शुल्क दोगुना करेगी। पिछले वर्षों में भी प्रदूषण बढ़ने पर एनडीएमसी इस तरह का कदम उठाती रही है।
एनडीएमसी का कहना है कि पार्किंग शुल्क बढ़ने से लोग निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या और यातायात का दबाव घटाने में मदद मिल सकती है। वाहनों से निकलने वाला धुआं दिल्ली में वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों में शामिल है। ऐसे में निजी वाहनों के इस्तेमाल को हतोत्साहित करना प्रदूषण नियंत्रण की रणनीति का अहम हिस्सा है।
ग्रेप के दूसरे चरण में प्रदूषण कम करने के लिए कई तरह के उपाय किए जाते हैं। इनमें सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने, सड़कों पर धूल नियंत्रण और यातायात प्रबंधन जैसे कदम शामिल हैं। पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी भी इसी दिशा में उठाया जाने वाला कदम है। एनडीएमसी क्षेत्र में सरकारी कार्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बाजारों के कारण बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों से पहुंचते हैं। पार्किंग महंगी होने से कुछ लोग सार्वजनिक परिवहन का विकल्प चुन सकते हैं।