फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खत्म होगा पार्किंग संकट: 14 परियोजनाओं से 6,052 वाहनों को मिलेगी जगह, नमो भारत स्टेशन पर बढ़ेगी सुविधाएं

Mon, 23 Nov 2026 01:43 AM IST
दुष्यंत शर्मा विनोद डबास/शनि पाथौली, नई दिल्ली

सार

एमसीडी के फिलहाल 463 पार्किंग स्थल चालू हैं, जिनकी कुल क्षमता 94,831 ईसीएस है। उसने दिसंबर तक पार्किंग स्थलों की संख्या बढ़ाकर 542 करने का लक्ष्य तय किया है।
विज्ञापन
एमसीडी मुख्यालय - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए एमसीडी 14 बहुस्तरीय और स्टैक पार्किंग बनाने के लिए परियोजनाओं तैयार कर रही है। इन परियोजनाओं से 6,052 वाहनों के लिए अतिरिक्त पार्किंग क्षमता विकसित करने की योजना है। वहीं, मौजूदा पार्किंग स्थलों की संख्या भी बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। 

विज्ञापन


एमसीडी के फिलहाल 463 पार्किंग स्थल चालू हैं, जिनकी कुल क्षमता 94,831 ईसीएस है। उसने दिसंबर तक पार्किंग स्थलों की संख्या बढ़ाकर 542 करने का लक्ष्य तय किया है। राजधानी के बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों में पार्किंग की जगह तलाशना वाहन चालकों के लिए रोजाना की चुनौती है। सड़क किनारे वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है और कई जगह सड़क की उपलब्ध चौड़ाई भी कम हो जाती है। इसके मद्देनजर एमसीडी ने पार्किंग स्थलों की संख्या बढ़ाने के साथ सीमित जमीन पर अधिक वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था विकसित करने का निर्णय लिया है।

79 पार्किंग स्थल बढ़ाने का लक्ष्य
एमसीडी के पास वर्तमान में 463 चालू पार्किंग स्थल हैं। उसने दिसंबर तक इनकी संख्या 542 करने का लक्ष्य रखा है। यानी 79 अतिरिक्त पार्किंग स्थलों को व्यवस्था में शामिल करने की योजना है। इन प्रस्तावित स्थलों में कई नए होंगे और कुछ मौजूदा स्थानों को व्यवस्थित कर पार्किंग के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
विज्ञापन


14 परियोजनाओं में 6,052 वाहनों की क्षमता
पार्किंग की जगह बढ़ाने के लिए एमसीडी बहुस्तरीय और स्टैक पार्किंग परियोजनाओं पर भी विचार कर रही है। उसकी 14 प्रस्तावित परियोजनाओं की कुल क्षमता 6,052 वाहनों की बताई गई है। बहुस्तरीय पार्किंग में एक ही स्थान पर कई मंजिलों पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे, जबकि स्टैक पार्किंग में तकनीकी व्यवस्था से वाहनों को एक के ऊपर एक खड़ा किया जा सकेंगे। इससे कम जमीन में अधिक पार्किंग की सुविधा विकसित हो सकती है।

पार्किंग की समस्या दूर करना बहुत जरूरी हुआ : सत्या शर्मा
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए व्यवस्थित पार्किंग सुविधाओं का विस्तार बहुत ही जरूरी हो गया है। एमसीडी का प्रयास है कि बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग की बेहतर व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। बहुस्तरीय और स्टैक पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं से उपलब्ध जमीन का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है।

नमो भारत स्टेशन पर उतरते ही मिलेगी कैब, पार्किंग की भी होगी व्यवस्थित सुविधा
सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद घर या दफ्तर जाने के लिए यात्रियों को ऐप आधारित टैक्सी और पार्किंग की बेहतर सुविधा मिलेगी। एनसीआरटीसी (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम) स्टेशन परिसर में बेतरतीब खड़े वाहनों और टैक्सी चालकों की मनमानी जैसी परेशानियों को दूर करने के लिए अहम कदम उठाया है। निगम ने स्टेशन पर व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने और ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के संचालन के लिए लाइसेंसधारी कंपनी के चयन की प्रक्रिया शुरू की है। इससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को निजी वाहन खड़ा करने के साथ ही टैक्सी बुक करने के लिए निर्धारित स्थान मिल सकेगा।

एनसीआरटीसी की योजना के तहत स्टेशन के भूतल पर करीब 4827 वर्ग मीटर क्षेत्र पार्किंग और ऐप आधारित टैक्सी संचालन के लिए निर्धारित किया गया है। इस पूरे क्षेत्र के विकास, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी चयनित कंपनी को दी जाएगी। इसमें पार्किंग व्यवस्था के साथ ऐप आधारित टैक्सियों के लिए भी स्थान विकसित किया जाएगा। इसका सबसे अधिक फायदा उन यात्रियों को मिल सकता है, जो नमो भारत से सफर पूरा करने के बाद अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कैब या निजी वाहन का इस्तेमाल करते हैं।

टैक्सी बुक करने के लिए नहीं भटकना पड़ेगा
अभी इस बड़े सार्वजनिक परिवहन केंद्र पर यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने के बाद टैक्सी तलाशने में परेशानी होती है। कई बार सड़क किनारे कैब और निजी वाहन खड़े होने से यातायात भी प्रभावित होता है। ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के लिए निर्धारित स्थान विकसित होने से यात्रियों को पता रहेगा कि उन्हें अपनी कैब कहां से लेनी है। इससे स्टेशन के बाहर अनावश्यक भीड़ और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। साथ ही, यात्रियों की अनधिकृत वाहनों पर निर्भरता कम होगी।

पार्किंग की तलाश में नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर
स्टेशन पर निजी वाहन से पहुंचने वाले लोगों के लिए भी यह सुविधा महत्वपूर्ण होगी। व्यवस्थित पार्किंग विकसित होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की व्यवस्था मिल सकेगी। अभी कई सार्वजनिक परिवहन केंद्रों पर पार्किंग की स्पष्ट व्यवस्था नहीं होने से लोग सड़क किनारे या आसपास के खाली स्थानों पर वाहन खड़े कर देते हैं। इससे जाम और पैदल यात्रियों को परेशानी होती है। सराय काले खां स्टेशन पर पार्किंग क्षेत्र विकसित होने से इस तरह की अव्यवस्था कम होगी।

महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों को भी मिलेगी राहत
स्टेशन से बाहर निकलने के बाद सुरक्षित परिवहन का विकल्प मिलना खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए जरूरी है। निर्धारित स्थान पर ऐप आधारित टैक्सी उपलब्ध होने से उन्हें सड़क पर खड़े होकर वाहन तलाशने की जरूरत कम होगी। वहीं, पार्किंग की व्यवस्थित व्यवस्था से परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। इस परियोजना को लेकर निगम ने खुली ई-निविदा जारी कर दी है।

तीन साल के लिए दिया जाएगा लाइसेंस
एनसीआरटीसी द्वारा निविदा में चयनित कंपनी को शुरुआत में तीन वर्ष के लिए लाइसेंस दिया जाएगा। आपसी सहमति से इसे दो वर्ष और बढ़ाया जा सकेगा। निविदा के तहत सबसे अधिक मूल्य की बोली लगाने वाली कंपनी को लाइसेंस देने पर विचार किया जाएगा। कंपनियों को पूरे 4827 वर्ग मीटर क्षेत्र के लिए बोली लगानी होगी। निगम के अनुसार, इस व्यवस्था से गैर-किराया राजस्व भी प्राप्त होगा, जिसका उपयोग परियोजना की पूंजीगत लागत और परिचालन खर्चों में सहयोग के लिए किया जा सकेगा।

अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी होगी बेहतर
सराय काले खां नमो भारत कॉरिडोर का महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां से बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में स्टेशन पर पार्किंग और ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं का एकीकृत संचालन सार्वजनिक परिवहन की उपयोगिता बढ़ा सकता है। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिल सकती है। इसके अलावा पार्किंग के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी तय होने से सफाई, सुरक्षा और वाहनों के आवागमन को भी बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें