दिल्ली सरकार के स्कूलों में बच्चा क्या कर रहा है, अब बच्चे की प्रत्येक गतिविधि को अभिभावक जल्द ही देख सकेंगे। इसके लिए अभिभावकों को सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड प्रदान की जाएगी। अभिभावकों को यह लाइव फीड देखने के लिए आईडी व पासवर्ड दिया जाएगा। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूल प्राचार्यों से एक तय प्रारूप में बच्चों का डाटा मांगा है। इसके आधार पर ही अभिभावकों को आईडी व पासवर्ड प्रदान किया जाना है।
दरअसल दिल्ली सरकार ने नवंबर के अंत तक 1028 स्कूलों में पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) की मदद से सीसीटीवी कैमरे लगाने का लक्ष्य रखा है। स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम समयबद्ध रूप में किया जाना है। अभी कुछ स्कूलों में कैमरे लगाने का काम शेष है। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने इसका अगला चरण शुरू कर दिया है।
इस प्रोजेक्ट के तहत ही अभिभावकों को सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड प्रदान की जानी है। इस लाइव फीड के माध्यम से वह यह जानकारी ले सकेंगे कि बच्चे ने पूरे दिन कक्षा में क्या किया, कक्षा में गया या नहीं और क्या पढ़ाई की आदि।
स्कूलों में जो कैमरे लगाए जा रहे हैं वह परिसर के प्रत्येक हिस्से को कवर करेंगे। सरकार का मानना है कि इससे स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सही से हो सकेगी। वहीं अभिभावकों को भी बच्चे के संबंध में जानकारी मिलती रहेगी।
इसके लिए स्कूल प्राचार्यों को बच्चों की आईडी, नाम, स्कूल आईडी, स्कूल का नाम, कक्षा, सेक्शन, रूम नंबर, अभिभावकों का नाम, मोबाइल नंबर, स्कूल की शिफ्ट (मार्निंग व ईवनिंग) की जानकारी देने को कहा गया है। शिक्षा निदेशालय ने स्कूल प्राचार्यों को प्रत्येक बच्चे का डाटा पीडब्ल्यूडी को उपलब्ध कराने को कहा है।