दिल्ली-एनसीआर के निजी स्कूलों द्वारा बेतहाशा फीस वृद्धि के खिलाफ अभिभावकों का आक्रोश रविवार को जंतर-मंतर पर भड़का। गुरुग्राम, फरीदाबाद, दिल्ली व नोएडा के करीब 1200 अभिभावकों ने निजी स्कूलों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले इन सभी की एक बैठक का आयोजन हुआ।
इसके बाद राष्ट्रपति भवन व हरियाणा भवन तक मार्च निकाला गया। जहां निजी स्कूलों के खिलाफ राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम ज्ञापन दिया गया। इसमें निजी स्कूलों द्वारा बढ़ाई गई फीस वापस कराने की मांग की गई है। यह प्रदर्शन ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में किया गया।
जंतर-मंतर पर बैठक व प्रदर्शन का दौर सुबह 10.00 बजे से शुरू होकर दोपहर करीब 3 बजे तक चला। ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन के महासचिव भूपेंद्र का कहना है कि बैठक में निजी स्कूलों द्वारा फीस व अन्य शुल्क बढ़ाने, अभिभावकों को परेशान करने व बच्चों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के मुद्दे पर चर्चा हुई। इसमें यह तय किया गया है कि अभिभावक अब आरपार की लड़ाई लड़ेंगे।
ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश राणा ने कहा कि निजी स्कूल पूरे देश में इस प्रकार का माहौल बना रहा है कि कोई अपने बच्चों को पढ़ा नहीं सके। जिनके दो या तीन बच्चे हैं उसकी तो स्थिति काफी खराब है।
इसके बाद अभिभावकों ने हरियाणा भवन की ओर कूच किया और वहां पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। अंत में सभी राष्ट्रपति भवन पहुंचे, वहां भी ज्ञापन दिया। सोमवार को एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल पीएमओ व दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम भी ज्ञापन देगा।