दिल्ली विश्वविद्यालय का लक्ष्मीबाई कॉलेज छात्राओं को सफल उद्यमी बनाने की तैयारी कर रहा है। कॉलेज दिल्ली हाट की तर्ज पर एक परंपरा हाट खोलने जा रहा है। इस हाट में कॉलेज छात्राओं की ओर से तैयार ज्वार, बाजरे व रागी के कुकीज व बाजरे की खिचड़ी व अन्य उत्पादों को खरीदा जा सकेगा। शुरूआत में उत्पादों के ऑर्डर वेबसाइट पर लिए जाएंगे। बाद में एक तय तिथि पर लोग इसे कॉलेज में आकर ले सकेंगे।
बीते साल कॉलेज के फूड एंड टेक्नॉलॉजी विभाग की छात्राओं ने लोगों की जीवन शैली और स्वास्थ्य को सुधारने के लिए कुकीज का एक ब्रांड बाजार में उतारा था। परंपरा नाम के इस ब्रांड में ज्वार, बाजरा, व रागी के कुकीज मिलते थे। अब तक यह ऑर्डर पर ही दिए जा रहे थे। अब इनके लिए कॉलेज में ही एक हाट बनाने का फैसला किया है। इस हाट में ऑर्गेनिक मशरूम को भी बेचा जाएगा। लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्रिंसिपल प्रत्यूष वत्सला ने बताया कि छात्राएं आत्मनिर्भर बनें, इसके लिए जरूरी है कि उन्हें उद्यमी बनाया जाए। हमारी योजना है कि जो लोग आर्गेनिक खेती करते हैं उन्हें भी एक मंच प्रदान किया जाए। वह इस हाट में किसी एक तय तिथि पर आकर अपनी वस्तुओं को प्रदर्शित कर सकते हैं।
प्रिंसिपल प्रत्यूष वत्सला ने बताया कि जिस तरह सप्ताह में किसी एक खास दिन बाजार लगते हैं उसी तरह से किसी एक खास दिन इस परंपरा हाट को खोला जाएगा। हाट को चलाने का जिम्मा छात्रों व शिक्षकों को ही दिया जाएगा। अब तक जो कुकीज तैयार की जा रही हैं उनकी पैकेजिंग भी ईको फ्रैंडली की गई है। इस कुकीज का फीडबैक भी काफी अच्छा मिल रहा है।
छात्रों को समर इंटर्नशिप करवाएगा डूसू, मांगे आवेदन
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) ने छात्रों के लिए समर इंटर्नशिप कार्यक्रम लॉन्च किया है। इसके तहत एक हजार छात्र दिल्ली यूनिवर्सिटी में इंटर्नशिप का फायदा उठा सकते हैं। किसी भी संकाय का छात्र इसमें भाग ले सकता है। इसका उद्देश्य छात्रों में जागरूकता लाना और उनकी प्रतिभा को पहचान कर निखारना है। इंटर्नशिप में स्नातक, परास्नातक के छात्रों के साथ-साथ स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग व एनसीडब्ल्यूईबी के छात्र भी शामिल हो सकते हैं। यह कार्यक्रम विभिन्न संगठन के सहयोग से कराया जाएगा। इसके साथ कंपनी के विशेषज्ञ, फैकल्टी सदस्य शामिल होंगे। इसमें स्थानीय समूह से लेकर छात्रों को बाहर के कार्य के बारे में बताया जाएगा।