नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के पालिका आवास में चार कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद सरोजिनी नगर स्थित आवास के कुछ हिस्से को सील कर दिया गया है। इसके तहत मकान संख्या सी-23 से 33 व डी-34 से 44 तक के इलाके को सील किया है।
दरअसल, एनडीएमसी में बढ़ते कोरोना के मरीजों को देखते हुए सरोजिनी नगर स्थित पालिका आवास में कोरोना टेस्ट के दौरान चार कर्मचारी संक्रमित मिले। इसके बाद पूरे इलाके मेें कोरोना की जांच की गई, लेकिन टेस्ट रिपोर्ट में अन्य कोई पॉजिटिव नहीं निकला।
हालांकि, एहतियातन इलाके को कुछ समय के लिए सील कर दिया गया है। इसके अलावा इलाके के लोगों को घरों में रहने के दौरान डेढ़ मीटर का फासला बनाने के लिए कहा गया है। वहीं, कॉलोनी के लोगों को मास्क पहनकर महामारी से बचने के लिए अन्य नियमों का पालन करने के लिए भी कहा गया है।