पाकिस्तान के आए 4 माह के शिशु रोहान का बुधवार को ऑपरेशन होगा। जेपी अस्पताल प्रशासन ने बच्चे की जांच कर ली है और ऑपरेशन की तैयारी में जुट गए हैं। अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार बच्चे को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया और जांच चल रही है।
अभी बुधवार की सुबह ऑपरेशन करने जा रहे हैं। उम्मीद है कि शिशु का ऑपरेशन सफल हो जाएगा। कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर आशुतोष मारवाह और सर्जन डॉक्टर राजेश शर्मा बच्चे का इलाज कर रहे हैं।
मालूम हो कि भारत-पाक के बीच संबंध खराब होने की वजह से विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट करने के बाद बच्चे के पिता कनवाल सादिक को मेडिकल वीजा मिल पाया था। सोमवार को परिवार बच्चे को लेकर नोएडा आए थे।
लंबा सफर होने की वजह से बच्चे की तबियत थोड़ी खराब हो गई थी। कनवाल सादिक ने बताया कि भारत के लोग बहुत अच्छे हैं। वो जब पाकिस्तान वापस जाएंगे तो इसके बारे में अपने परिवार और दोस्तों को बताएंगे।