पुलिस ने बदरपुर इलाके में बीते दिनों साइकिल सवार की सड़क हादसे में हुई मौत मामले में शुक्रवार को रेंज रोवर कार के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना वाली शाम रेंज रोवर कार से टक्कर मारने के बाद उसी ने घायल को अस्पताल पहुंचाया था, जहां मौत की खबर सुनकर वह भाग गया था। सीसीटीवी कैमरे से मिले सुराग के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। आरोपी की पहचान ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 निवासी सोनित (28) के तौर पर हुई। पुलिस ने रेंज रोवर कार जब्त कर ली है।
दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि 8 सितंबर को आली विहार निवासी संजेश अवस्थी (38) के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली। वह ओल्ड फरीदाबाद इलाके में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। संजेश के बारे में बताया गया कि वह शाम साढे़ छह से सात बजे तक साइकिल से घर आ जाते थे, लेकिन उस दिन नहीं आए।
तलाश करने पर उनकी साइकिल क्षतिग्रस्त हालत में बदरपुर फ्लाईओवर की ओर जाने वाले मथुरा मार्ग पर मिली। बदरपुर थाना पुलिस अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पड़ताल में जुट गई। इस दौरान पुलिस को पता चला आठ सितंबर को सड़क हादसे में एक शख्स की मौत का मामला अमर कॉलोनी थाने में दर्ज हुआ था। संजेश के रिश्तेदार ने शव की शिनाख्त कर ली।
मूलचंद अस्पताल समेत कई जगह पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की गई। यहीं से पुलिस को घायल को रेंज रोवर कार चालक अस्पताल ले जाते नजर आया। फुटेज में कार का नंबर करोलबाग की एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड मिला। जांच के दौरान पुलिस कार मालिक के ग्रेटर कैलाश पार्ट वन स्थित घर पहुंच गई। जहां से आरोपी सोनित को पकड़ लिया गया।
आरोपी ने बताया घटना वाली शाम जब वह बदरपुर फ्लाईओवर पहुंचा, तभी एक साइकिल वाला उसकी गाड़ी के सामने आ गया। हादसे के बाद वह घायल को मूलचंद अस्पताल कार से लेकर गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल की मौत की खबर सुन वह घबरा गया और वहां से बिना कुछ बताए निकल गया।