- 17 घंटे में ही भर गई आधी से अधिक सीटें, फीस का भुगतान 19 जून शाम तक किया जा सकेगा
-पहले राउंड में 11 हजार से अधिक सीट आवंटित की गई, सीट स्वीकार करने का अंतिम दिन आज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के दो वर्षीय स्नातकोत्तर प्रोग्राम के दाखिले के लिए बीते सोमवार देर रात तक पहले राउंड का सीट आवंटन कर दिया गया। स्नातकोत्तर की 13 हजार से अधिक सीटों के लिए पहले राउंड में 11, 548 आवंटन किए गए हैं। पीजी दाखिले की रेस में 17 घंटे में सात हजार से अधिक छात्रों ने अपनी आवंटित सीट को स्वीकार कर लिया है। इस तरह से एक ही दिन में आधी से अधिक सीटें भर चुकी हैं। अब बुधवार को सीट को स्वीकार करने का अंतिम दिन है। जबकि फीस का भुगतान 19 जून शाम तक किया जा सकेगा।
डीयू ने सोमवार देर रात पहले सीट आवंटन राउंड के तहत कुल 74 विभिन्न कार्यक्रमों के लिए विभिन्न श्रेणियों सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, नॉन क्रीमी लेयर, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, दिव्यांग, कश्मीरी प्रवासी, एकल कन्या, अनाथ श्रेणी के अंतर्गत आवंटन किए गए हैं। डीयू दाखिला डीन प्रो. हनीत गांधी ने बताया कि शाम छ: बजे तक 7,746 छात्रों ने अपनी आवंटित सीट को स्वीकार कर लिया है। छात्रों के पास सीट स्वीकार करने के लिए बुधवार शाम पांच बजे तक का समय है। ऐसे में अंतिम तिथि तक यह आंकड़ा और बढ़ जाएगा। सीट स्वीकार नहीं करने पर वह सिस्टम से बाहर हो जाएंगे। उसके बाद दाखिले का दूसरा राउंड 22 जून से शुरू होगा।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन आधारित कार्यक्रमों जैसे एमए म्यूजिक, एमपीएड, बीपीएड, एमएफए तथा स्पोर्ट्स श्रेणी के अंतर्गत आने वाले उम्मीदवारों के लिए सीट का आवंटन तीसरे राउंड में किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के उम्मीदवारों को ऑडिशन और प्रदर्शन से संबंधित जानकारी के लिए संबंधित विभागों की वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है।