संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राजधानी में जुलाई माह को चाइल्ड सेफ्टी अवेयरनेस मंथ के रूप में मनाते हुए दिल्ली पुलिस के सेल्फ डिफेंस विंग, एसपीयूडब्ल्यूएसी ने शुक्रवार को 17 स्कूलों में जागरूकता एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम में 10,098 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
दिल्ली के उपराज्यपाल के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए गए। साथ ही साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और गुड टच-बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया गया।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि बच्चों को संभावित खतरों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सही प्रतिक्रिया देने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। सेल्फ डिफेंस विंग पूरे जुलाई माह के दौरान विभिन्न स्कूलों में जागरूकता और प्रशिक्षण अभियान चलाकर बच्चों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में कार्य करता रहेगा।