-पंजाबीबाग के शकूरबस्ती इलाके की घटना, लोगों में भागकर बचाई जान, घटना में कोई हताहत नहीं
-16 दमकल की गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया, पुलिस आग लगने के कारणों और इससे नुकसान का आकलन करने में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
पंजाबी बाग के शकूरबस्ती इलाके में दो एकड़ में फैले झुग्गी में शुक्रवार देर रात आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और 100 से अधिक झुग्गियों को अपने चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची दमकल की 16 गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
दमकल विभाग ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11.14 बजे दमकल विभाग को शकूरबस्ती स्थित रेन बसेरा के पास स्थित झुग्गियों में आग की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी आठ गाड़ियों के साथ वहां पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने देखा कि आग तेजी से फैल रही है और पूरे इलाके को अपने चपेट में ले चुकी है। स्थानीय निवासी मुकेश ने बताया कि आग इतनी तेजी से झुग्गियों में फैली कि लोगों को जान बचाना भारी पड़ गया। शोर शराबा होते ही झुग्गी में रहने वाले लोग अपने परिवार के सदस्यों और बच्चों को लेकर भागे। उनका सारा सामान झुग्गी में ही रह गया।
आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की टीम ने आठ और गाड़ियों को मौके पर बुला लिया और आग बुझाने में जुट गई। दमकल कर्मियों ने रात करीब 12.50 बजे आग पर काबू पा लिया। तब तक सैकड़ों परिवारों का आशियाना जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ियां देर से पहुंची। उनका कहना है कि समय से गाड़ियां नहीं पहुंचने से आग ने इतना बड़ा रूप ले लिया। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस को करीब साढ़े ग्यारह बजे आग लगने की जानकारी मिली थी। पुलिस के साथ दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गई।