पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। पुलिस आयुक्त के आदेश के बाद सोमवार को चुनाव प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। जो पूरे प्रकरण पर नजर रखेगी।
पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह के आदेश पर चुनाव को लेकर एक प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। जो कमिश्ररी के तीनों जोन में आने वाले गांव के पंचायत चुनाव पर नजर रखेगी।
शिव कुमार इंस्पेक्टर को प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। प्रत्येक थाना पुलिस को मंगलवार से रोजाना चुनाव होने वाले गांव के लाईसेंसी शस्त्र जमा कराने से लेकर शराब की तस्करी के दर्ज मामलों की जानकारी देनी होगी।
इसके साथ ही प्रत्येक थाने से उनके गांव की रिपोर्ट लेकर उन्हें संवेदनशील या अतिसंवेदनशील की सीमा में रखने का निर्धारण किया जाएगा। पुलिस के अनुसार चुनाव को लेकर निर्देश पहले ही सभी थानों को दिया गया है।
जिसमें लाईसेंस शस्त्र रखने वालों को शस्त्र जमा कराने को कहा गया है। पुलिस के पास 50 प्रतिशत शस्त्र आ चुके हैं। कुछ लोगों की ओर से गन की दुकान में जमा कराने की रसीद की प्रति भी जमा कराई गई है।