फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात दिन में एम्स के 35 कमरों को खाली कराने का आदेश

Thu, 12 Sep 2019 03:45 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
एम्स दिल्ली
विज्ञापन

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स के टीचिंग ब्लॉक में मौजूद 35 कमरों को अगले सात दिन के भीतर खाली कराने के आदेश जारी हुए हैं। एम्स प्रबंधन ने अभियांत्रिकी सेवा विभाग की सिफारिश पर आठ विभागों के मुखिया को तत्काल इस पर संज्ञान लेने के लिए पत्र भी भेजा है। 

विज्ञापन


इनमें से अधिकतर कमरे पांचवीं मंजिल पर हैं। जबकि दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के भी कुछ कमरों को जल्द खाली कराया जाएगा। बीते 17 अगस्त को एम्स के टीचिंग ब्लॉक में लगी भीषण आग के बाद दूसरी और पांचवीं मंजिल पर सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था। इस घटना के बाद इमारत की सुरक्षा को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे। 

इसके बाद एम्स प्रबंधन ने दो संस्थानों को ब्लॉक का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी है। इसमें से एक बल्लभगढ़ स्थित एनसीसीबीसी को इमारत की सुरक्षा और दूसरी डीटीयू दिल्ली विद्युत से संबंधित जांच पूरी कर रिपोर्ट अगले एक महीने में प्रबंधन को सौंपेगी। 
विज्ञापन


एम्स प्रबंधन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि माइक्रोबॉयोलॉजी, पल्मोनरी, नेफ्रोलॉजी, बॉयोलॉजी, यूरोलॉजी, आर्थो और सर्जरी के अलावा साइकेट्री विभाग को टीचिंग ब्लॉक में आवंटित किए कमरों को खाली कराने का आदेश दिया है। 

नप सकते हैं कई बड़े अधिकारी
एम्स सूत्रों का कहना है कि जल्द ही कई बड़े अधिकारी टीचिंग ब्लॉक में भीषण आग की घटना को लेकर नप सकते हैं। बताया जा रहा है कि प्रबंधन द्वारा गठित आंतरिक जांच के अलावा दिल्ली पुलिस की विशेष टीम भी आग के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आंतरिक जांच लगभग पूरी हो चुकी है। जल्द ही एम्स निदेशक को इसकी रिपोर्ट भी सौंपी जा सकती है। सूत्रों का यहां तक कहना है कि करीब चार अधिकारियों को जल्द ही प्रबंधन नोटिस जारी कर जवाब तलब कर सकता है। हालांकि प्रबंधन ने फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। 

आग में करीब 43 कमरे हुए खाक
एम्स के एक विभागाध्यक्ष ने बताया कि टीचिंग ब्लॉक में सबसे ज्यादा नुकसान दूसरी और पांचवीं मंजिल पर हुआ है। करीब 43 कमरों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। बाकी कमरों में कहीं सीलिंग तो कहीं दीवार व दरवाजे को नुकसान पहुंचा है। कुछ कमरों में आग के बाद धुआं भर जाने के अलावा आग पर काबू पाने के दौरान पानी की बौछार से फंगस भी आ गई है। इन कमरों को दोबारा ठीक किया जा सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें