दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। एयर इमरजेंसी की स्थिति है। लोगों का बुरा है। लोग अपनी परेशानियों की शिकायत किससे करें, ऐसे में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया है कि उसने ट्विटर और फेसबुक पर सोशल मीडिया अकाउंट खोले हैं ताकि लोग वहां प्रदूषण से जुड़ी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें।
जस्टिस मदन बी लोकुर की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने सीपीसीबी को निर्देश दिया है कि लोगों को इस बारे में जागरूक करने के लिए वह पर्याप्त प्रचार-प्रसार का सहारा ले ताकि लोग अपनी शिकायत बगैर किसी मुसीबत के दर्ज करा सकें।
आपको बता दें कि इस समय दिल्ली में वायु प्रदूषण फेफड़े और हृदय दोनों को नुकसान पहुंचा रहा है। हवा में सल्फर डाइऑक्साइड की अधिकता से क्रानिक ब्रॉन्काइटिस का खतरा बढ़ गया है। हवा में मौजूद नाइट्रोजन डाइ आक्साइड के बढ़ते स्तर से अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है।
गौरतलब है कि वायु प्रदूषण के मामले में दिल्ली में राजनीति भी गरमा गई है। इस मसले पर भाजपा ने दिल्ली सरकार को आड़े हाथों लिया है। दिल्ली सरकार को घेरने के लिए ही संसदीय कार्य मंत्री विजय गोयल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर मंतर पर मास्क पहनकर धरना-प्रदर्शन किया। यही नहीं भाजपा के इस घरना-प्रदर्शन में केजरीवाल सरकार में मंत्री रहे विधायक कपिल मिश्रा भी शामिल हुए।