दिल्ली विश्वविद्यालय में चार कॉलेजों में वोकेशनल पाठ्यक्रमों को लेकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। बीते शनिवार से शुरू हुई यह आवेदन प्रक्रिया10 सिंतबर तक चलेगी।
इस दौरान डीयू प्रशासन छात्रों व उनके अभिभावकों को वोकेशनल पाठ्यक्रमों के महत्व को समझाने के लिए डीयू के दो कॉलेजों में ओपन डेज का आयोजन कर रही है।
डीन छात्र कल्याण प्रो. जेएम खुराना के मुताबिक बीते शनिवार को शुरू हुई ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में पहले ही दिन बहुत छात्रों ने पंजीकरण करा लिया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के मन में पाठ्यक्रमों को लेकर कई सवाल होते हैं।
उसी दुविधा को दूर करने के लिए 6 सितंबर को डीयू के रामानुजन कॉलेज और फिर 7 सितंबर को जीसस एंड मेरी कॉलेज में ओपन डेज सत्र का आयोजन किया जाएगा। इसमें पाठ्यक्रमों के अलावा दाखिला प्रक्रिया की भी जानकारी दी जाएगी।
बीते शनिवार को चार कॉलेजों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है। उसमें कालिंदी कॉलेज के बीए वोकेशनल वेब डिजाइनिंग व बीए वोकेशनल प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी।
रामानुजन कॉलेज में बीए वोकेशनल बैंकिंग ऑपरेशन, बीए वोकेशनल सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट व महाराजा अग्रसेन कॉलेज में एडवांस डिप्लोमा इन टीवी प्रोग्राम एंड न्यूज प्रोडक्शन पाठ्यक्रम शुरू हो रहा है। जीसस एंड मेरी कॉलेज में बीए वोकेशनल रिटेल मैनेजमेंट एंड आईटी व बीए वोकेशनल हेल्थ केयर है।