रविवार को छुट्टी के बावजूद सिविल अस्पताल खुला और फीवर ओपीडी चलाई गई। वायरल फीवर के प्रकोप के कारण छुट्टी के दिन भी अस्पताल में मरीजों का आना-जाना लगा रहा।
पहली बार रविवार को स्पेशल अस्पताल की ओपीडी चली और डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई। सुबह यहां ओपीडी तो खुली, लेकिन मरीजों की संख्या कम होने के कारण रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू नहीं किया गया।
दवा काउंटर को भी बंद ही रखा गया। मरीजों का इमरजेंसी से रजिस्ट्रेशन किया गया और वहीं से दवा दी गई। ब्लड टेस्ट के लिए मरीजों को परेशानी न हो इसके लिए ओपीडी व इमरजेंसी में ब्लड सैंपल क्लेक्शन सेंटर बना दिए गए।
दोपहर होते-होते मरीजों की संख्या कम हो गई। यहां तैनात किए गए डॉक्टर मरीजों का इंतजार करते रहे। जबकि सिविल अस्पताल में रोजाना करीब 1000 बुखार के मरीज आ रहे हैं।
सिविल सर्जन डॉ. पुष्पा बिश्नोई का कहना है कि वायरल बुखार के मरीजों को ध्यान में रखते हुए अवकाश के दिन भी ओपीडी खोली गई। रविवार को मरीजों की संख्या कम रही। 15 अक्तूबर तक हर रविवार यह व्यवस्था रहेगी।