दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक में मरीजों के बढ़ते दबाव के कारण स्वास्थ्य विभाग ने इसे 12 घंटे तक खोलने का फैसला लिया है। भीड़भाड़ वाले 36 मोहल्ला क्लीनिकों में मरीज सुबह सात से शाम सात बजे तक चिकित्सकों से सलाह ले सकेंगे। दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस बारे में आदेश जारी कर दिया गया है। एक पखवाड़े में नई व्यवस्था लागू हो जाएगी।
मौजूदा समय में मोहल्ला क्लीनिक पर सुबह आठ से दोपहर दो बजे के बीच ही मरीजों का इलाज होता है। स्वास्थ्य विभाग के एक अध्ययन में पता चला है कि दिल्ली के 36 मोहल्ला क्लीनिकों में भीड़भाड़ रहती है। औसतन यहां 120 से ज्यादा मरीजों की ओपीडी दर्ज होती है। वहीं, बड़ी संख्या में लोग वापस लौट जाते हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने ओपीडी का समय बढ़ाने का फैसला किया है। विभाग ने सभी जिला चिकित्साधिकारियों को इस बारे में निर्देश भेज दिया है। नई व्यवस्था में ओपीडी दो शिफ्ट में चलेगी। सुबह की शिफ्ट सात से एक बजे के बीच होगी, जबकि एक से सात बजे तक दूसरी शिफ्ट में मरीजों का इलाज होगा।