भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में इस साल सिर्फ चार सीटें खाली रहीं हैं। आईआईटी बीएचयू और खड़गपुर में दो-दो सीटें बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर प्रोग्राम में रिक्त हैं। चारों सीटें ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर की छात्रा कोटे की थीं।
दावेदारी के लिए इस वर्ग की योग्य छात्रा नहीं मिली। सीट अन्य वर्ग की लड़कियों को आवंटित नहीं की जा सकती थी। नॉन-क्रीमी लेयर के छात्रों को भी नहीं दी जा सकती थी। खास बात है कि पहली बार स्नातक पाठ्यक्रमों में सामान्य वर्ग से सीट खाली नहीं रही है।
पिछले शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 96 सीटें खाली रहीं थीं। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आईआईटी कानपुर ने जोसा काउंसलिंग के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की विंडो अब बंद कर दी है। दरअसल, स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले यानी जेईई एडवांस 2025 की जिम्मेदारी आईआईटी कानपुर को दी गई थी। सभी 23 आईआईटी संस्थानों में इस बार 18160 सीटें थीं। 18188 सीटों पर दाखिले हुए। 28 अतिरिक्त सीटें थीं।
इसी हफ्ते से नया सत्र शुरू होगा
इसी हफ्ते से नया सत्र शुरू रहा है। सभी आईआईटी अलग-अलग दिन से कक्षाएं शुरू करेंगे। आईआईटी दिल्ली में 21 जुलाई, बॉम्बे व धनबाद में 28 जुलाई, गोवा पांच अगस्त, जम्मू 28 जुलाई, कानपुर, मद्रास, मंडी व जोधपुर 31 जुलाई, खड़गपुर 29 जुलाई, रुड़की व तिरुपति 26 जुलाई, रोपड़ व पालकाड़ 30 जुलाई, आईआईटी गांधीनगर 18 अगस्त, गुवाहाटी 20 जुलाई, इंदौर छह अगस्त, बीएचयू 24 जुलाई से सत्र शुरू कर रहा है।