तुगलपुर स्थित मंदिर के पुजारी को फोन कर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने दिल्ली में एक नई कंपनी के उद्घाटन और परिसर में शनि मंदिर स्थापित करने के लिए 21 पुजारियों से पूजा कराने का झांसा दिया। आरोपी ने पुजारी के मोबाइल एक लिंक भेजा। जिसे क्लिक करने पर पासवर्ड डालते ही पुजारी के खाते से 40,040 रुपये निकल लिए। पीड़ित ने नॉलेज पार्क थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मूलरूप से फतेहपुर के दरवेशपुर बिंदकी गांव निवासी श्रीकांत मिश्रा तुगलपुर मंदिर के पुजारी हैं। श्रीकांत ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का कॉल आया था। कॉलर ने अपना नाम बृजेश शर्मा बताते हुए पुजारी से कहा कि उन्होंने दिल्ली में एक बहुत बड़ी कंपनी का निर्माण कराया है। अब, वह कंपनी का उद्घाटन और परिसर में शनि मंदिर की भी स्थापना कराना चाहते हैं। पूजा अर्चना व 21 पुजारी (पंडितों) से कराना चाहते हैं। इसके लिए वह पूजा सामग्री, किराया आदि के लिए एडवांस भी देने को तैयार हैं। इस पर श्रीकांत मिश्रा ने कॉलर से 21 पुजारियों व पूजन सामग्री आदि का बंदोबस्त करने की मंजूरी दे दी।
आरोपी एडवांस देने के लिए कहा कि उनके व्हाट्स एप पर एक लिंक भेजा है। इसे क्लिक कर अपना पेटीएम पासवर्ड डाल दें, तो आपके वॉलेट में एडवांस रुपये पहुंच जाएंगे। श्रीकांत मिश्रा का कहना है कि इससे पहले भी कई लोग उनसे फोन पर कॉल कर पूजा अर्चना करा चुके हैं और पेटीएम भी दक्षिणा आदि भी लेते रहे हैं। इसलिए आरोपी पर बिल्कुल भी संशय नहीं हुआ। कुछ देर बाद उनके व्हाट्स एप पर एक लिंक आया, तो उन्होंने पेटीएम वॉलेट चेक किया लेकिन रुपये नहीं आए। इस पर आरोपी ने कहा कि वह लिंक क्लिक कर लें, रुपये पहुंच जाएंगे। लिंक क्लिक करने पर पुजारी ने पासवर्ड डाला और दो बार में उनके खाते से 40040 रुपये निकल गए।
बहन की शादी के लिए जमा किए थे रुपये
पुजारी ने बताया कि उनकी बहन की जनवरी में शादी होनी है। इसके लिए वह रुपये जमा कर रहे थे। उनके खाते में 62 हजार रुपये थे। पीड़ित ने पुलिस से रुपये वापस दिलाने की मांग की है। नॉलेज पार्क थाना प्रभारी अरविंद पाठक का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।