- रोहिणी जिला पुलिस ने क्रिकेट मैच के दौरान की गिरफ्तारी, आरोपी बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान के मैच पर लगा रहा था सट्टा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रोहिणी जिला स्पेशल सेल ने क्रिकेट मैच के दौरान एक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट का खुलासा किया है। इस दौरान एक सट्टेबाज को गिरफ्तार किया गया। आरोपी बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान के मैच पर सट्टा लगा रहा था। उसके कब्जे से पुलिस ने एक लैपटॉप, एक एलईडी टीवी और 5 मोबाइल फोन बरामद किया है।
जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विजय विहार स्थित एक मकान पर दबिश दी जहां एक व्यक्ति क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाता हुआ पाया गया। उसकी पहचान 30 साल के रोहित गोयल उर्फ काली के रूप में हुई। पुलिस ने सट्टेबाज को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने एक लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन और एक एलईडी टीवी जब्त कर लिया। पुलिस ने विजय विहार पुलिस थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जांच में पता चला कि आरोपी कुछ दिन पहले से ही क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहा था। गिरफ्तारी के समय वह बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान के मैच पर सट्टा चला रहा था। पुलिस उसके बैंक खाते की जांच कर रही है।