दिल्ली के नारायणा इलाके में दीवार फांदकर एयरफोर्स स्टेशन में घुसे युवक को वायु सैनिकों ने दबोच लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस व खुफिया एजेंसियां भी सचेत हो गईं और आरोपी से करीब दस घंटे तक संयुक्त रूप से पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में चोरी की नीयत से स्टेशन में घुसने की बात सामने आई है। नारायणा थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली कैंट निवासी अनिल कुमार (23) शनिवार शाम एयरफोर्स स्टेशन स्टेशन की दीवार फांदकर अंदर घुस गया। वहां वायुसेना ऑफिसर्स मेस है। युवक के घुसते ही बाहरी सुरक्षा में लगे वायु सैनिकों ने आरोपी को दबोच लिया।
एयरफोर्स स्टेशन में घुसने की सूचना से खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गईं और आरोपी से करीब दस घंटे तक पूछताछ की। साथ ही अनिल के बारे में सारी जानकारी निकाली। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह वायुसेना के गैरेज में चोरी के इरादे से घुसा था। पूछताछ के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।