राजधानी में सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वालों की संख्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। समय उपचार न मिलने से कई लोग घटनास्थल पर ही दम तोड़ देते हैं। ऐसे में इन्हें समय रहते अस्पताल पहुंचाने के लिए मैक्स अस्पताल ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से गुरुवार को एक आपातकालीन हेल्पलाइन शुरू की है। इस पर कॉल करते ही एंबुलेंस न सिर्फ मौके पर पहुंचेगी, बल्कि नजदीकी अस्पताल ले जाकर घायल का तत्काल उपचार कराएगी।
बता दें, कि दिल्ली सरकार ने भी राजधानी में सड़क हादसे में घायलों का निशुल्क उपचार कराने की योजना चला रखी है। इसके तहत सरकारी से लेकर निजी अस्पताल तक शामिल हैं। इससे पहले 2 से 7 जुलाई तक यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर मौजूद कोई भी व्यक्ति आपातकालीन नंबर 011-40554055 पर कॉल कर मेडिकल सहायता दिलाकर लोगों की जान बचा सकता है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवीन गोयल ने बताया कि मैक्स अस्पताल में अक्सर सड़क हादसों में घायल लोग उपचार कराने पहुंचते हैं। इनमें से कई लोगों का जीवन डॉक्टर नहीं बचा पाते। इसकी वजह अस्पताल पहुंचने में देरी होती है। सेफ ड्राइविंग के उद्देश्य से अस्पताल ने यह पहल शुरू की है। इस दौरान पूर्वी दिल्ली के एसीपी ट्रैफिक विमल किशोर ने हेल्पलाइन नंबर शुरू करते हुए लोगों से अपील की है कि वे कभी शराब पीकर वाहन न चलाएं। यातायात नियमों की अनदेखी कर खुद के जीवन को संकट में न डालें।