पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आग के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। हादसा टैंक रोड स्थित 16/25 फैक्टरी में हुआ।
यहां पहली मंजिल पर जींस की फैक्टरी है, जिसमें कई मजदूर काम करते हैं। दूसरी मंजिल पर भी गारमेंट फैक्टरी है। शनिवार तड़के 4.50 बजे अचानक पहली मंजिल पर आग लग गई।
वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इधर देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दमकल की आधा दर्जन गाड़ियों ने वहां पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
बाद में जुम्मन का शव बरामद हुआ। वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने बताया कि जुम्मन सिलाई का कारीगर था। रात को वह वहीं सोता था।
आशंका व्यक्त की जा रही है कि आग लगने के बाद रास्ता बंद होने के कारण जुम्मन ने बाथरूम में छुपकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया। लेकिन दम घुटने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है।