एक युवक शास्त्रीय गायक बनने के लिए लुटेरा बन गया। युवक को नोएडा में ऑडिशन देने के लिए एक लाख रुपये की जरूरत थी। उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर लूटपाट की साजिश रची और वारदात को अंजाम दे दिया, लेकिन वारदात के समय ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पकड़े गए बदमाश के पास से 11.70 लाख रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।
उसकी निशानदेही पर भारत नगर थाना पुलिस ने उसके चार सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक बाइक भी बरामद की है।
जिला पुलिस उपायुक्त विजयंता आर्या ने बताया कि 16 सितंबर की शाम हवलदार रामस्वरूप मीणा और सिपाही मातादीन लक्ष्मी बाई कॉलेज के पास पिकेट ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति को बाइक सवार युवकों के पीछे शोर मचाते हुए भागते देखा। पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार एक युवक को दबोच लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए।
युवक के पास से 11.70 लाख रुपये मिले। उसकी पहचान सभापुर गांव निवासी कृष्ण उर्फ राजा (19) के रूप में हुई। लोनी निवासी पीड़ित उमेश कुमार ने बताया कि वह कीर्ति नगर में खिलौनों के थोक कारोबारी के यहां काम करता है। यहां से सामान सदर बाजार स्थित दुकान पर जाता है, जहां से सामान सप्लाई होता है।
घटना के समय वह दुकान से पेमेंट लेकर अशोक विहार स्थित मालिक के घर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने उसे ठीक से बाइक चलाने की नसीहत देकर पिटाई कर दी और उसकी बाइक की डिग्गी से रुपये निकालकर भागने लगे।
पुलिस ने कृष्ण की निशानदेही पर उसके चार सहयोगियों सभापुर निवासी अभिषेक, बहादुरगढ़ निवासी कृष्ण उर्फ सागर, रोहिणी निवासी अश्वनी और विजय विहार निवासी संजय को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कृष्ण ने बताया कि उसके पिता की सदर बाजार में पान की दुकान है, जहां वह अपने पिता की मदद करता है। वह शास्त्रीय गायक बनना चाहता था, लेकिन उसे नोएडा में ऑडिशन देने के लिए एक लाख रुपये की जरूरत थी।