सड़कों पर सम विषम के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए संदेश देयने के बाद भी रोजाना औसतन करीब 500 चालान किए गए। दिन के हिसाब से लोगों को वाहनों के नंबर का पता होने के बाद भी रोजाना अनदेखी का सिलसिला जारी है। परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग की 600 से अधिक टीमें अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए कार्रवाई में मुस्तैद हैं। पिछले छह दिनों के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर एक करोड़ से अधिक का जुर्माना किया जा चुका है।
सम विषम लागू होने के बाद पुलिस की ओर से सर्वाधिक चालान किए गए। इस बार चालान की राशि 2000 से बढ़ाकर 4000 कर दिया गया, बावजूद इसके नियमों की अनदेखी करने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। इनमें न केवल दिल्ली बल्कि दूसरे राज्यों से दिल्ली प्रवेश करने वाले वाहन भी शामिल हैं।
एक करोड़ से अधिक का जुर्माना
छह दिनों के दौरान करीब 3000 वाहन मालिकों को चालान किया जा चुका है, जिनपर एक करोड़ से अधिक का जुर्माना हो चुका है। नियमों की अनदेखी करने वालों में कुछ ऐसे लोग हैं जो जरूरी काम या आकस्मिक परिस्थितियों की वजह से निजी वाहनों में सफर कर रहे हैं जबकि कुछ ऐसे है जो जान बूझकर भी यह सोचते हैं कि कुछ दूर के सफर के दौरान कार्रवाई से बच जाएंगे। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि उन्हें इस बारे में विस्तृत जानकारी न होने की वजह से ऐसी गलती हुई है।
सम विषम: रोजाना किए गए करीब 500 चालान
04 नवंबर- 271
05 नवंबर 562
06 नवंबर 376
07 नवंबर- 694
08 नवंबर- 532
09 नवंबर- 514
---------------------
2949