फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आप के कौशांबी कार्यालय में तोड़फोड़, 1 गिरफ्तार

Wed, 08 Jan 2014 03:42 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के कौशांबी स्थित आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में बुधवार सुबह कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। हालांकि कुछ घंटे बाद गाजियाबाद पुलिस ने एक हमलावर पिंकी चौधरी पिंकी चौधरी उर्फ भूपेंद्र तोमर को साहिबाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन


सुबह करीब 11 बजे 50-60 लोग आप के कौशांबी स्थित कार्यालय पहुंचे और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप के प्रमुख नेता प्रशांत भूषण के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारी हाथ में बैनर-पोस्टर और लाठियां लेकर आये थे।

प्रदर्शनकारियों ने केजरीवाल के घर से कुछ दूर स्थित आप के कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारी केजरीवाल और भूषण के खिलाफ जोर-जोर से नारे लगा रहे थे। बताया जाता है कि प्रदर्शनकारी हिन्दू रक्षा दल संगठन के कार्यकर्ता थे और वे भूषण के कश्मीर संबंधी बयान से नाराज बताये जा रहे थे। घटना के समय आप के मुख्यालय में केवल पांच-सात लोग थे।
विज्ञापन


हंगामा कर रहे लोगों ने आप के दफ्तर के गमले तोड़ दिए। खिड़कियों के शीशे तोड़े। वहां मौजूद आप के कार्यकर्ताओं ने बताया कि हंगामा करने वाले ने पत्थर भी मारे। कुछ देर तक तोड़ फोड़ करने के बाद ये लोग वहां से भाग गए। इस घटना के बाद पुलिस वहां पहुंच गई और हमलावरों की तलाश में जुट गई है।

कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज से भी यह पता चला है कि प्रदर्शनकारी हाथ में झंडा लिए घुसे और पत्थर और ईंट से हमला किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आक्रमणकारी हिन्दू रक्षा दल से जुड़े हुए हैं। इस घटना के बाद आप कार्यालय के बाहर और दिल्ली सचिवालय के आसपास सुरक्षा और कडी कर दी गई है।

आप कार्यालय पर हमला निन्दनीय: संघ
राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आप कार्यालय पर आज हुये हमले की निन्दा की है। संघ के प्रवक्ता राम माधव ने हमले के बाद कहा कि आप कार्यालय पर हुआ हमला निन्दनीय है। उन्होंने कहा कि आप के वरिष्ठ नेता प्रशांत भूषण का कश्मीर मसले पर दिया गया बयान भी निन्दनीय है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में भूषण ने जम्मू और कश्मीर में सेना की तैनाती के मामले पर जनमत संग्रह कराये जाने की मांग की थी। बाद में आप ने इस बयान से अपने को किनारा कर लिया था। आप के प्रमुख नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने श्री भूषण के बयान को उनकी निजी राय बताया था।

बीजेपी ने भी हमले की निंदा की
बीजेपी न भी आप मुख्यालय में कथित रूप से हिन्दू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं के हमले की कडी निंदा करते हुए कहा है कि इस तरह की घटनाओं को किसी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता।

भाजपा के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने इस पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा है कि यह निदंनीय है और इस तरह की घटनाओं को किसी भी तरीके से जायज नहीं ठहराया जा सकता।

पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने भी कहा है कि पार्टी इस तरह की घटनाओं को कडी निंदा करती है। वरिष्ठ नेता बलबीर पुंज ने कहा है कि किसी भी राजनीतिक दल के कार्यालय पर हमला निंदनीय है। इसके जिम्मेदार लोगों का पता लगाकर उन्हें दंडित किया जाना चाहिए।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें