भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह की अगुवाई में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पार्टी का ध्वज फहराया। कार्यक्रम में सांसद कमलजीत सहरावत, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा नेताओं ने स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यालय को विशेष रूप से सजाया गया था। इसके अलावा राजधानी के सभी जिला कार्यालयों में भी स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों पर पार्टी का झंडा फहराकर इस दिन को उत्साह के साथ मनाया। अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है, जिसका श्रेय करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के देश और समाज की सेवा में लगे हैं।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि जनसंघ से शुरू हुई यह यात्रा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया।