पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता ने चार अप्रैल को दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे के बीच अपने घर में चोरी होने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि अज्ञात लोग उसके बंद घर में घुसे और नकदी और गहने लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें एक आरोपी बुर्का पहने हुए एक महिला के साथ घटनास्थल के पास एक बैग ले जाते हुए दिखा। पुलिस को सात अप्रैल को सूचना मिली की एक शख्स चोरी के गहने बेचने की कोशिश में है। इसके बाद सुल्तानपुरी इलाके में छापा मारा गया।
पुलिस उपायुक्त सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान राजिंदर (22) के रूप में हुई है और उसे सुल्तानपुरी थानाध्यक्ष सुकराम पाल की टीम ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। राजिंदर ने खुलासा किया कि उसने अपनी एक महिला रिश्तेदार की मदद से चोरी की थी, जो शिकायतकर्ता की कई वर्षों से सहेली थी।