बिजली कटौती पर प्रह्लादगढ़ी वालों के हंगामे की वजह से पूरे टीएचए में रातभर बिजली गायब रही। वसुंधरा, इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी में लाखों की आबादी बेहाल रही।
प्रहलादगढ़ी के लोगों ने शुक्रवार की देर रात वसुंधरा सेक्टर-16 विद्युत सब स्टेशन पर जमकर हंगामा काटा। गुस्साए लोगों ने जेई और लाइनमैन की पिटाई कर दी। लोगों ने जेई की कार तोड़ दी और कुर्सी से लाइनमैन का सिर फोड़ दिया।
मारपीट करने वाले तो भाग गए लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस से बिजली कर्मियों की भिड़ंत हो गई। पुलिस जेई को थाने ले गई तो बिजली कर्मचारियों ने हंगामा कर दिया।
पूरे ट्रांस हिंडन की बिजली सप्लाई ठप कर दी। टीएचए में ब्लैकआउट हो गया। पावर कारपोरेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और करीब तीन घंटे बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु हुई। लाइनमैन की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।
घटना रात करीब सवा एक बजे की है। प्रह्लादगढ़ी में बिजली कटौती की शिकायत लेकर कुछ लोग पहुंचे। सब स्टेशन पर तैनात लाइनमैन भरत से लोगों की बहस हो गई। मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
इस दौरान एक व्यक्ति ने लाइनमैन के सिर में कुर्सी मार दी। लाइनमैन के सिर से खून बहने लगा। इसके बाद लोग भाग खड़े हुए। भरत को अस्पताल ले जाया गया और जहां उसके सिर पर सात टांके आए।
सब स्टेशन पर हंगामे और मारपीट की जानकारी मिलते ही जेई नीरज शर्मा भी सबस्टेशन पहुंच गए। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कर्मचारियों के नशे में धुत होने की बात कहने पर पुलिस और बिजली कर्मचारियों में बहस हो गई।
लौटने के दौरान पुलिस की जीप ने जेई की कार में टक्कर मार दी थी, जिस पर बिजली कर्मचारियों ने पुलिसवालों पर नशे में होने का आरोप लगा दिया। इस पर पुलिस जेई को उठाकर थाने ले गई।
सब स्टेशन पर अब बिजली कर्मचारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान लाइनमैनों ने पूरे ट्रांस हिंडन की बिजली बंद कर दी। ट्रांस हिंडन में अंधेरा छा गया और लाखों लोगों को रातभर बिना बिजली के रहना पड़ा।
पुलिस वालों का घेराव
करीब एक घंटे बाद पुलिस की पीसीआर जेई को वापस छोड़ने सबस्टेशन आई। विद्युत कर्मचारियों ने पुलिस कर्मियों का घेराव कर दिया। पुलिस कर्मी किसी तरह जान बचाकर भागे।
रात करीब तीन बजे सभी विद्युत कर्मचारी थाना इंदिरापुरम पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
लट्ठमार कॉलोनी वाले भी पहुंचे बिजलीकर्मियों को लठियाने
लट्ठमार कालोनी के लोगों ने शनिवार रात प्रताप विहार पावर स्टेशन के बाहर जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप था कि उनके क्षेत्र की बिजली काटकर दूसरी कालोनियों को सप्लाई दी जा रही है।
भड़के लोगों ने रात तक पावर स्टेशन पर जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। अधिकारियों के बिजली सप्लाई सुचारू मिलने के आश्वासन के बाद ही लोग घर लौटे।