पटियाला हाउस से डेथ वारंट जारी होने के बाद चारों दोषियों को हाई सिक्योरिटी सेल में भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जेल अधीक्षक ने इस संबंध में जेल प्रशासन को एक पत्र लिखा है। फिलहाल चारों दोषियों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
जेल अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल जेल नंबर दो में तीन दोषी मुकेश, पवन और अक्षय बंद है, वहीं एक अन्य दोषी विनय जेल नंबर चार में बंद है। जेल मैनुअल के मुताबिक डेथ वारंट जारी होने के बाद सभी दोषियों को हाई सिक्योरिटी सेल में भेजा जाता है। ऐसे में दोनों जेल के अधीक्षकों ने जेल प्रशासन को पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि चारों दोषियों को हाई सिक्योरिटी सेल में शिफ्ट किया जाए।
फिलहाल चारो दोषियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पहले हर दोषी पर निगरानी रखने के लिए तमिलनाडु स्पेशल पुलिस का एक-एक जवान रहता था। अब इनकी संख्या दो-दो कर दी गई है, जो हर पल उन पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जा रही है। एक मॉनिटर पर चारों दोषियों की फुटेज आए इसकी व्यवस्था की गई है। मॉनिटर पर नजर रखने के लिए तीन शिफ्ट में कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
फांसी घर की सुरक्षा की जिम्मेदारी तमिलनाडु पुलिस को सौंपी
तिहाड़ जेल ने फांसी घर की सुरक्षा की जिम्मेदारी तमिलनाडु स्पेशल टीम को सौंप दी है। इसके आसपास कैदियों को जाने की इजाजत नहीं है। साथ ही वहां जाने वाले जेल कर्मचारियों को भी पूरी तरह से जांच कर जाने दिया जा रहा है। जेल अधिकारियों का कहना है कि यह सब जेल मैन्यूअल के मुताबिक किया जा रहा है।