21 नवंबर से शुरू होगा शादियों का सीजन, बैंड-बाजा और डीजे की बुकिंग तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। नवंबर का महीना आते ही घरों में शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कहीं शादी के कार्ड बांटे जा रहे हैं तो कहीं कपड़ों और गहनों की खरीदारी चल रही है। परिवार शादी के लिए बैंक्वेट हॉल, खाने और मेहमानों के स्वागत का इंतजाम करने में जुटे हैं।
देवउठनी एकादशी के साथ ही दिल्ली में शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। इसे देखते हुए शादी से जुड़े कारोबार में भी रौनक बढ़ने लगी है। इस साल देवउठनी एकादशी 20 नवंबर (शुक्रवार) को है। इसके अगले दिन 21 नवंबर (शनिवार) से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। नवंबर के आखिरी सप्ताह में कई शुभ तारीखें होने के कारण लोग पहले से ही शादी की तैयारियां पूरी करने में जुटे हैं।
बैंक्वेट हॉल फुल होने से पहले बुकिंग की होड़
शादी की तारीख तय होते ही लोग बैंक्वेट हॉल और मैरिज गार्डन की बुकिंग कराने में जुट गए हैं। कई परिवार अपनी पसंद की जगह पहले ही बुक करा चुके हैं। बैंक्वेट हॉल संचालकों के मुताबिक, नवंबर, दिसंबर, जनवरी और फरवरी की शुभ तारीखों पर तेजी से बुकिंग हो रही है। मांग इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में ज्यादातर बैंक्वेट हॉल फुल हो जाएंगे।
डीजे संचालक रमन बताते हैं कि नवंबर में शादियों की संख्या ज्यादा है। ऐसे में इस महीने के लिए डीजे की बुकिंग पूरी हो चुकी है। कई लोग अब भी बुकिंग के लिए फोन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें डीजे नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि बैंड-बाजा और ढोल वालों के पास भी लगातार बुकिंग आ रही हैं। कैटरिंग कारोबारियों के पास भी लोग खाने का मेन्यू तय करने पहुंच रहे हैं।