उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में मामूली कहासुनी के दौरान गोविंदा उर्फ गोलू (25) ने बुजुर्ग ढाबा मालिक चंद्रशेखर कश्यप (60) के सिर में ऐसा घूंसा मारा कि उनकी मौत हो गई। वारदात ढाबे के सामने लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने गोविंदा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक करावल नगर इलाके में पत्नी, दो बेटों व एक बेटी के साथ रहने वाले चंद्रशेखर कश्मीरी गेट इलाके के बड़ा बाजार में ढाबा चलाते थे। यहां शाहिद काम करता है। पहले चंद्रशेखर परिवार के साथ तिलक गली, कश्मीरी गेट इलाके में रहते थे। गोविंदा भी यहीं रहता है और चंद्रशेखर का दूर का रिश्तेदार है।
शाहिद ने पुलिस को बताया कि गोविंदा अक्सर चंद्रशेखर के पास ताश खेलने आता था। सोमवार रात गोविंदा आया और ताश खेलने की बात कही। चंद्रशेखर ने बाद में आने को कहा तो वह नाराज हो गया और झगड़ा करने लगा। बात मारपीट तक पहुंच गई। शाहिद और चंद्रशेखर के पूर्व कर्मचारी थापा ने बीच-बचाव कराया।
इस बीच, गुस्से में गोविंदा ने चंद्रशेखर के सिर में जोर से घूंसा मारा। इससे वो वहीं गिर गए। वारदात के बाद आरोपी गोविंदा फरार हो गया। शाहिद व थापा चंद्रशेखर को अरुणा आसफ अली अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शाहिद के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर गोविंदा को मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया।