दिल्ली में 4 नवंबर से लागू होने वाली सम-विषम योजना के दौरान ओला व उबर सरीखी कैब कंपनियां ग्राहकों से अतिरिक्त किराया नहीं वसूलेंगी। कैब कंपनियों का कहना है कि दिल्ली का प्रदूषण करने के लिए वह हर कोशिश में सरकार के साथ हैं।
4-15 नवंबर के बीच किसी भी तरह से सर्ज प्राइसिंग (मांग बढ़ने के साथ किराए में बढ़ोतरी) लागू नहीं होगी। मुसाफिरों को कार पूलिंग की सुविधा परखने का भी मौका मिलेगा। मीडिया के लिए जारी एक विज्ञप्ति में यह बात कही गई।
ओला के मुख्य बिक्री एवं विपणन अधिकारी अरुण श्रीनिवास के मुताबिक, सम-विषम के दौरान मुसाफिरों को किसी तरह की मुसीबत से बचाने के लिए सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी। श्रीनिवास ने सभी चालकों, साझेदारों, मुसाफिरों और नागरिकों से अपील की है कि वह सम-विषम के तीसरे संस्करण को कामयाब बनाने के लिए आगे आएं।
इससे पहले पिछले महीने उबर ने भी एलान किया था कि वह राष्ट्रीय राजधानी में सम-विषम योजना के दौरान सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं करेगी। उबर का कहना था कि वह सुनिश्चित करेगी कि योजना लागू होने के दौरान लोगों की आवाजाही में अड़चन न पड़े।
इस बारे में शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बताया था कि उनकी ओला व उबर के साथ बैठक हुई है। बैठक में दोनों कंपनियों ने योजना में सहयोग देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने इस दौरान सर्ज प्राइजिंग न लेने की बात कही है।